कोरिया। सीएम विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिले के औचक दौरे में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सख्त नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट, खराब परीक्षा परिणाम और खाद वितरण में गड़बड़ी को गंभीरता से लेते हुए कोरिया जिले के सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों में जनसमस्या निवारण शिविरों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर समस्याएं सुनीं। इसके बाद चिरमिरी में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़े, यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि संकटग्रस्त क्षेत्रों में हर हाल में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि पेयजल समस्या को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही पर संबंधित कलेक्टर सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे। वहीं स्कूलों के परीक्षा परिणाम अपेक्षानुसार नहीं आने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और आगामी शिक्षा सत्र के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
खाद वितरण में गड़बड़ी के मामले में मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर ने प्रभारी शाखा प्रबंधक और नोडल अधिकारी कल्लु प्रसाद मिश्रा को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री का एक ओर सौम्य और संवेदनशील चेहरा दिखा, जहां उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को अपने हाथों से चरण पादुका पहनाई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
वहीं दूसरी ओर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि शासन व्यवस्था में कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
