उज्ज्वल निकम ने सुनाया कसाब का दावा: बोला- अमिताभ बच्चन से मिलने मुंबई आया था; बिग बी बोले- घर आता तो गोली मार देता

मुंबई। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब से जुड़ा एक किस्सा साझा किया है। टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में निकम ने बताया कि कसाब ने जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए कई दावे किए थे।
इनमें उसने यह भी कहा था कि वह मुंबई अमिताभ बच्चन से मिलने आया था। इस पर अमिताभ बच्चन ने कथित तौर पर कहा कि अगर कसाब उनके घर आता तो उसे गोली मार देते।
दरअसल, KBC में अभिनेता राजकुमार राव और वामिका गब्बी के साथ उज्ज्वल निकम पहुंचे थे। बातचीत के दौरान 26/11 हमले और कसाब के मुकदमे से जुड़े अनुभवों पर चर्चा हुई।
कसाब ने खुद को नाबालिग बताया था
निकम के मुताबिक, कसाब ने खुद को नाबालिग बताते हुए यह दावा भी किया था कि उसे RAW ने गिरफ्तार किया है। उसने गिरफ्तारी और मुंबई आने को लेकर भी अलग-अलग बातें कही थीं। निकम ने कहा कि सुनवाई के दौरान कसाब के दावों की जांच करना अभियोजन पक्ष के लिए महत्वपूर्ण था।
अमिताभ बच्चन ने निकम से पूछा कि क्या कसाब को जांच एजेंसियों को गुमराह करने की रणनीति की जानकारी थी। निकम ने बताया कि कोर्ट में उन्होंने कथित तौर पर अल-कायदा के एक मैनुअल का हवाला दिया था, जिसमें जांच एजेंसियों को गुमराह करने के तरीकों का उल्लेख था।
26/11 हमले में 166 लोगों की मौत
26 नवंबर 2008 को मुंबई में 10 आतंकियों ने समुद्र के रास्ते पहुंचकर कई जगहों पर हमला किया था। सुप्रीम कोर्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक, हमले में 166 लोगों की मौत हुई और 238 लोग घायल हुए। अजमल कसाब एकमात्र हमलावर था, जिसे जिंदा पकड़ा गया था।
कसाब को मई 2010 में मुंबई की विशेष अदालत ने मौत की सजा सुनाई। बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी सजा बरकरार रखी। 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा जेल में उसे फांसी दी गई। उज्ज्वल निकम इस मामले में सरकारी वकील थे।





