ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बैगा अंचल तक पहुंची विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा: छिरहिट्टी में 164 ग्रामीणों का मुफ्त इलाज, गांव में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार दूरस्थ और विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने गौरेला विकासखंड के दुर्गम बैगा बाहुल्य ग्राम छिरहिट्टी (साल्हेघोरी) में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने गांव पहुंचकर 164 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निःशुल्क उपचार, परामर्श तथा दवाइयां उपलब्ध कराईं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बैगा समुदाय को उनके गांव के पास ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।

शिविर में मौसमी बीमारियों की जांच, समय पर रोगों की पहचान और आवश्यक उपचार पर विशेष ध्यान दिया गया। जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं।

शिविर में हड्डी रोग, महिला रोग, नेत्र रोग और मेडिसिन विशेषज्ञों सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा जिला कार्यक्रम प्रबंधक, खंड चिकित्सा अधिकारी गौरेला तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी पूरे समय मौजूद रहे और शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक, चाहे वह कितने भी दुर्गम क्षेत्र में रहता हो, स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।

इसी उद्देश्य से विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं। गंभीर मरीजों को आवश्यकता अनुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर भी किया जा रहा है।

शिविर के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि ऐसे शिविर न केवल लोगों तक समय पर उपचार पहुंचा रहे हैं, बल्कि जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति विश्वास और जागरूकता भी बढ़ा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button