प्रधानमंत्री मोदी ने चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का किया वर्चुअल लोकार्पण: सीएम साय बोले- डबल इंजन सरकार में रेल विकास को मिली नई रफ्तार

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के रेल विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है, जिसका सीधा लाभ आम लोगों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस रेलवे स्टेशनों के विकसित होने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। नए स्टेशनों में बेहतर प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ परिसर, आधुनिक यात्री सुविधाएं और उन्नत अधोसंरचना उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का मजबूत आधार भी है।
चांपा, बालोद और सरोना जैसे प्रमुख स्टेशनों के आधुनिकीकरण से व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई रेल परियोजनाओं, रेलवे लाइनों के दोहरीकरण, विद्युतीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से विकास को नई दिशा मिल रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे कार्य विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूती प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा तथा यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।





