ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पीएम मोदी बोले- भारत और ऑस्ट्रेलिया का साथ समय की जरूरत, आज 40 हजार भारतवंशियों को करेंगे संबोधित

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन को संबोधित करते हुए दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता, सप्लाई चेन में बाधाओं और ऊर्जा संकट के दौर में भारत और ऑस्ट्रेलिया का भरोसेमंद साझेदार के रूप में साथ आगे बढ़ना बेहद जरूरी है। इससे दोनों देशों को नए बाजार, निवेश और आर्थिक विकास के अवसर मिलेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों ने भविष्य की मजबूत रणनीतिक साझेदारी की नींव रखी है। भारत 2030 तक 500 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और 2047 तक 100 गीगावॉट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की तकनीक, पूंजी और विशाल यूरेनियम भंडार भारत की स्वच्छ ऊर्जा और परमाणु ऊर्जा यात्रा में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भारत के पोर्ट, एयरपोर्ट, रेलवे, सड़क, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

साथ ही दोनों देशों के राज्यों, विश्वविद्यालयों और उद्योगों के बीच ‘स्टेट-टू-स्टेट’ और ‘सेक्टर-टू-सेक्टर’ साझेदारी बढ़ाने का सुझाव दिया। कार्यक्रम के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेल्फी ली।

दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई, जिसमें व्यापार, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, क्रिटिकल मिनरल्स और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए संयुक्त घोषणा भी जारी की।

प्रधानमंत्री मोदी अपने तीन देशों के दौरे के तहत ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं। गुरुवार को वह मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में करीब 40 हजार भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा दोनों देशों के बीच व्यापक व्यापार समझौते (CECA), रक्षा सहयोग और निवेश बढ़ाने पर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है। 11 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के अगले चरण में न्यूजीलैंड रवाना होंगे।

Exit mobile version