ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में छत्तीसगढ़ देश में नंबर-1, 9 दिन में 72% लक्ष्य पूरा

रायपुर। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पंजीयन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में छत्तीसगढ़ ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।

15 जून से 15 जुलाई तक संचालित इस अभियान के शुरुआती मात्र 9 दिनों में ही राज्य ने निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत पूरा कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। इसके साथ ही प्री-रजिस्टर्ड हितग्राहियों के निराकरण में भी छत्तीसगढ़ पूरे देश में अव्वल रहा है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार यह सफलता आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों, मैदानी अमले और विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। विशेष अभियान के तहत जांजगीर-चांपा जिले ने 96 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम जीवित संतान के जन्म पर पात्र महिलाओं को 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं दूसरी संतान के रूप में बालिका के जन्म पर 6 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

योजना का उद्देश्य गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और सुरक्षित मातृत्व के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग की पूरी टीम और मैदानी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ जल्द ही शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर देश के लिए आदर्श मॉडल बनेगा।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों की सफलता बताया।

उन्होंने प्रदेश की सभी पात्र गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं से अपील की कि वे 15 जुलाई तक चल रहे विशेष अभियान के दौरान अपना पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि उन्हें योजना का पूरा लाभ मिल सके और सुरक्षित मातृत्व की दिशा में सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ प्राप्त हो।

Related Articles

Back to top button