ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पीएम जनमन आवास योजना से बदली कृष्णा बैगा की जिंदगी, पक्का घर मिलने से मिला सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन

जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के ग्राम पंचायत पंडरीपानी निवासी कृष्णा बैगा का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब साकार हो गया है।

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत उन्हें नया आवास मिलने से उनके परिवार के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और नई उम्मीदों का संचार हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रयासों से यह बदलाव संभव हो पाया।

कृष्णा बैगा लंबे समय तक अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था, दीवारों में सीलन भर जाती थी और घर में सांप-बिच्छुओं के आने का खतरा बना रहता था।

सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण वे स्वयं पक्का मकान नहीं बना पा रहे थे, जिससे परिवार की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी।

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हुआ और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की निगरानी में समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा किया गया। अब कृष्णा बैगा का परिवार मजबूत, सुरक्षित और स्वच्छ पक्के मकान में रह रहा है।

उनका कहना है कि अब बरसात का मौसम डर नहीं, बल्कि राहत लेकर आता है। न छत टपकती है और न ही परिवार को किसी तरह के खतरे का सामना करना पड़ता है।

कृष्णा बैगा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्का घर मिलने से उनके परिवार का जीवन पूरी तरह बदल गया है। अब वे सम्मान और सुकून के साथ अपने घर में रह रहे हैं।

राज्य सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों और पात्र ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध करा रही है।

जीपीएम जिले में भी इन योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे हजारों परिवारों को बेहतर जीवन, सामाजिक सुरक्षा और आत्मसम्मान के साथ नई शुरुआत करने का अवसर मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button