देश - विदेश

पुणे मंगेतर हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा: पहाड़ी से धक्का देने का प्लान, बच जाता तो सड़क हादसे की थी साजिश

पुणे। महाराष्ट्र के चर्चित पुणे मंगेतर हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल ने अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या की योजना करीब 18 दिन पहले ही बना ली थी। जांच में सामने आया है कि 31 मई को लोहगढ़ किले की ट्रैकिंग के दौरान जब केतन पहाड़ी के किनारे बैठा था, तभी सिया के मन में उसे धक्का देकर मारने का विचार आया था।

पुलिस के मुताबिक, 14 जून को भी सिया ने केतन को पहाड़ी से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह पेड़ का सहारा मिलने से बच गया। उस समय सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर घटना को हादसा साबित करने की कोशिश की। इसके बाद उसने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की नई योजना बनाई।

प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश

जांच में पता चला है कि सिया और चेतन ने एक कैफे में बैठकर लोहगढ़ किले पर हत्या की साजिश तैयार की थी। दोनों ने वह स्थान भी चुन लिया था जहां से केतन को धक्का देना था। पुलिस का दावा है कि यदि यह योजना विफल हो जाती, तो केतन को सड़क दुर्घटना में मारने का बैकअप प्लान भी तैयार किया गया था।

18 जून को प्री-वेडिंग फोटोशूट के बहाने सिया ने केतन को फिर किले पर बुलाया। वहां चेतन पहले से मौजूद था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर केतन को पहाड़ी से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जांच में मिले अहम सुराग

मामले में तीन महत्वपूर्ण सुराग सामने आए हैं। पहला, घटना के बाद सिया के व्यवहार पर केतन के परिवार को संदेह हुआ। दूसरा, किले के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक हुडी पहनकर नजर आया, जिसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई। तीसरा, कॉल रिकॉर्ड में सिया और चेतन के बीच 2004 कॉल और करीब 338 घंटे की बातचीत सामने आई। पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button