ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शिवनाथ का जलस्तर बढ़ा, गणेश विसर्जन रोका: मंत्री गजेंद्र यादव ने लिया जायजा

दुर्ग में 48 और भरदा में 210 लोगों को सुरक्षित जगहों पर ठहराया; नाली निर्माण और फसल क्षति सर्वे के निर्देश

दुर्ग । शिवनाथ नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शनिवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दुर्ग शहर के गणेश विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के जलस्तर, विसर्जन की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल भी मौजूद रहे।

मंत्री ने अधिकारियों को बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि छोटे पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण पिछली रात से विसर्जन रोक दिया गया है। जलस्तर कम होने के बाद प्रशासन की निगरानी में दोबारा विसर्जन शुरू कराया जाएगा। मौके पर एसडीआरएफ, स्थानीय नाविक और पुलिस-प्रशासन की टीम तैनात है।

राहत शिविर में 48 लोगों से मिले

इसके बाद मंत्री पुलगांव के वार्ड-55 स्थित कोसरिया यादव समाज के सामुदायिक भवन में बनाए गए राहत शिविर पहुंचे। यहां 48 लोगों को ठहराया गया है। मंत्री ने लोगों से भोजन, पेयजल, रोशनी और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जलस्तर कम होने के बाद ही लोगों को घर लौटने की सलाह दी। पट्टे की मांग पर उन्होंने गोकुल नगर की घास भूमि को आवास के लिए आवंटित कराने का आश्वासन दिया।

भरदा में 210 लोग सुरक्षित

मंत्री ग्राम भरदा के स्कूल में बनाए गए राहत शिविर भी पहुंचे। तांदुला और शिवनाथ नदी किनारे ईंट भट्ठों व सब्जी बाड़ियों में काम करने वाले 210 लोगों को सुरक्षित निकालकर यहां ठहराया गया है। उन्होंने ग्रामीणों और सरपंच सुनीता भारदीय से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

सरपंच की मांग पर मंत्री ने कलेक्टर को वार्ड-12 में वीबीजी-रामजी के तहत नाली निर्माण की स्वीकृति देने के निर्देश दिए। किसानों की मांग पर फसल क्षति का सर्वे कराने को कहा। ग्राम चंगोरी में जलभराव की सूचना पर अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button