StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

मोबाइल से दर्ज होगी यौन उत्पीड़न की शिकायत: महिला दिवस पर रेलवे लॉन्च करेगा ‘शाइन’ मॉड्यूल

रायपुर। महिला रेलकर्मियों को कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए Indian Railways ने नई डिजिटल पहल शुरू की है। इसके तहत ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) में ‘सेक्सुअल हरासमेंट इंसीडेंट नोटिफिकेशन फॉर एम्पॉवरमेंट’ यानी SHINE मॉड्यूल तैयार किया गया है। इस मॉड्यूल के जरिए महिला कर्मचारी अब अपने मोबाइल फोन से गोपनीय तरीके से यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करा सकेंगी।

रेलवे बोर्ड के अनुसार इस मॉड्यूल को 8 मार्च को इंटरनेशनल वुमंस डे के अवसर पर लॉन्च किया जाएगा। इसके क्रियान्वयन के लिए सभी जोनल रेलवे को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि यह व्यवस्था पूरे रेलवे नेटवर्क में प्रभावी रूप से लागू की जा सके।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ‘शाइन’ मॉड्यूल का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को एक सुरक्षित और भरोसेमंद शिकायत प्रणाली उपलब्ध कराना है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से महिलाएं बिना किसी दबाव या डर के अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगी। शिकायत दर्ज होते ही यह सीधे संबंधित आंतरिक शिकायत समिति (ICC) के पास ऑनलाइन पहुंच जाएगी, जहां से मामले की जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इस मॉड्यूल की खास बात यह है कि इसका उपयोग केवल महिला रेलकर्मी ही नहीं कर सकेंगी। रेलवे से जुड़े अन्य वर्गों को भी इसमें शिकायत दर्ज करने की सुविधा दी गई है। रेलवे स्कूलों की छात्राएं, रेलवे परिसरों में आने वाली महिला विजिटर, कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाली महिला कर्मचारी और मजदूर भी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी।

इसके अलावा अधिकृत अधिकारी भी जरूरत पड़ने पर किसी महिला कर्मचारी की ओर से एचआरएमएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था शिकायतों की निगरानी को आसान बनाएगी और मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने में मदद करेगी।

रेलवे बोर्ड का मानना है कि ‘शाइन’ मॉड्यूल महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Related Articles

Back to top button