ChhattisgarhStateNewsकमर्शियलछत्तीसगढ़

सेंसेक्स 1,400 अंक उछला, निफ्टी 400 अंक चढ़ा; 6 दिन में बाजार 5,600 अंक मजबूत

दिल्ली। अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 1,400 अंक से ज्यादा उछलकर 78,700 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 400 अंक की बढ़त के साथ 24,350 पर कारोबार कर रहा है। बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली।

शेयर बाजार में लगातार छठवें कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई। 28 अक्टूबर को सेंसेक्स 73,246 पर बंद हुआ था, जो 5 नवंबर को बढ़कर 78,900 के स्तर तक पहुंच गया। इस दौरान इसमें कुल 5,654 अंक यानी करीब 7.7% की बढ़त दर्ज की गई।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिला सहारा

बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट मानी जा रही है। अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के कांग्रेस में बहुमत गंवाने के बाद ट्रम्प पर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध खत्म करने का दबाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

इसके चलते ब्रेंट क्रूड की कीमत गिरकर 94 डॉलर और अमेरिकी WTI क्रूड 87 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। दोनों करीब दो महीने के निचले स्तर पर हैं। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारत जैसे आयातक देशों को राहत मिलने की उम्मीद है।

विदेशी निवेशकों ने 7 दिन में लगाए 21 हजार करोड़

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने बीते सात कारोबारी दिनों में भारतीय बाजार में 20,834 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी अवधि में 8,601 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।

इससे पहले 4 नवंबर को अमेरिकी बाजारों में भी तेजी रही थी। डाउ जोन्स 3.03%, नैस्डैक 1.44% और S&P 500 में 1.58% की बढ़त दर्ज की गई।

Related Articles

Back to top button