ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जांजगीर में सनसनीखेज वारदात: कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, भाई गंभीर

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कांग्रेस नेता के बेटे की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है, जहां तीन नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह हमला सीमेंट-रेत व्यवसायी और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर पर हुआ। तड़के करीब साढ़े 3 बजे बदमाश घर में घुसे और परिवार को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप (19) को सिर और सीने में दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में छोटे बेटे आशुतोष कश्यप (16) को भी गोली लगी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना के समय घर में तीनों भाई-बहन एक ही कमरे में सो रहे थे। मृतक आयुष बीएएलएलबी सेकंड ईयर का छात्र था। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात से पहले माता-पिता को एक कमरे में बंद कर दिया था, ताकि वे विरोध न कर सकें। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से नकदी और एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। एएसपी उमेश कुमार कश्यप के मुताबिक, आरोपी बाइक पर सवार थे और उनकी पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, क्षेत्रीय विधायक भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।

Related Articles

Back to top button