महतारी वंदन से संतोषी के जीवन में लौटा आत्मविश्वास

पति के निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रही थीं; हर महीने मिल रहे 1,000 रुपए
सारंगढ़-बिलाईगढ़। साल्हेवना गांव की संतोषी साहू के लिए ‘महतारी वंदन योजना’ आर्थिक सहारे के साथ आत्मविश्वास का जरिया बनी है। पति स्वर्गीय खोलबहरा साहू के असामयिक निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संतोषी के कंधों पर आ गई थी। बच्चों की जरूरतें पूरी करने से लेकर रोजमर्रा के खर्च चलाना उनके लिए चुनौती बन गया था।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई बार छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। ऐसे समय में महिला एवं बाल विकास विभाग की महतारी वंदन योजना उनके लिए मददगार बनी।
वर्ष 2024 से संतोषी को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में मिल रही है। यानी उन्हें सालाना 12 हजार रुपए की सहायता प्राप्त हो रही है। संतोषी के मुताबिक नियमित रूप से मिलने वाली इस राशि ने उन्हें घर के खर्च और बच्चों की जरूरतों को लेकर राहत दी है।
संतोषी बताती हैं कि पहले बच्चों की छोटी जरूरतों और घरेलू खर्च के लिए भी उन्हें काफी सोच-विचार करना पड़ता था। कई बार जरूरी सामान के लिए दूसरों से मदद मांगनी पड़ती थी। अब हर महीने खाते में राशि आने से उन्हें अपने खर्चों की योजना बनाने में आसानी होती है।
इस राशि का उपयोग वे घरेलू जरूरतों और बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। आर्थिक मदद मिलने से उन्हें अपने फैसले खुद लेने और परिवार की जरूरतों को पूरा करने का भरोसा मिला है।
संतोषी का कहना है कि योजना से मिलने वाली राशि भले ही सीमित है, लेकिन उनके जैसे परिवार के लिए यह नियमित सहारा है। इससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों के बीच आगे बढ़ने का हौसला मिला है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सामने आई संतोषी की कहानी यह बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता किस तरह जरूरतमंद महिलाओं के घरेलू जीवन में सहारा और आत्मविश्वास दे सकती है। उनके लिए महतारी वंदन योजना आर्थिक मदद के साथ अपने पैरों पर खड़े होने की उम्मीद बनी है।





