रायपुर की महिमा बनाएंगी सैटेलाइट, अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन ‘ShaktiSAT’ के लिए चयनित

108 देशों की छात्राओं के साथ करेंगी काम, अक्टूबर में ISRO लॉन्च पैड से अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे उपग्रह
रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजधानी रायपुर के तिलक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा महिमा का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन ‘ShaktiSAT’ के लिए हुआ है। देशभर से आए हजारों आवेदनों के बीच महिमा ने लिखित परीक्षा और इंटरव्यू सहित सभी चरण सफलतापूर्वक पार कर नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में जगह बनाई है।
महिमा अब दुनिया के 108 देशों से चयनित छात्राओं के साथ इस महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशन में भाग लेंगी और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अपनी उपलब्धि पर उन्होंने इसे प्रदेश और देश के लिए गर्व का क्षण बताया है।
महिमा ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। लिखित परीक्षा के बाद इंटरव्यू हुआ, जिसमें सफलता मिलने पर उनका चयन किया गया। अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली आठ दिवसीय ‘शक्तिसैट वर्कशॉप’ में वह भाग लेंगी। इस दौरान छात्राओं को स्पेस साइंस, सैटेलाइट डिजाइनिंग और मिशन प्लानिंग की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
इस विशेष मिशन के तहत 108 देशों की छात्राएं मिलकर दो सैटेलाइट तैयार करेंगी। इनमें से एक उपग्रह चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरा चंद्र सतह पर उतरने के लिए डिजाइन किया जाएगा। यह परियोजना छात्राओं को वास्तविक अंतरिक्ष मिशन का अनुभव प्रदान करेगी।
महिमा ने बताया कि उन्हें पेंटिंग और स्टोरी राइटिंग का शौक है, जबकि भविष्य में वह प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाना चाहती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और मार्गदर्शकों को दिया है।
विद्यालय की प्राचार्य जॉली साहू और शिक्षिका योगेश्वरी लहरी ने महिमा की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है। प्रस्तावित योजना के अनुसार, तैयार सैटेलाइट्स का प्रक्षेपण अक्टूबर 2026 में श्रीहरिकोटा स्थित ISRO लॉन्च पैड से किया जाएगा।





