ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, राजनांदगांव सबसे गर्म; 18 जिलों में हीटवेव अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत प्रदेश के 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गर्मी का प्रकोप बना रह सकता है।

शनिवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में भी पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों का दिन में घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और बाजारों में भीड़ कम हो गई है।

इधर बिलासपुर में लू लगने से एक बुजुर्ग की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन तेज गर्मी के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी और चक्कर आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूरे प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर में आज आसमान साफ रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है। प्रशासन ने भी हीटवेव को देखते हुए अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी बरतने को कहा है।

Related Articles

Back to top button