रायपुर निगम में 100 करोड़ से ज्यादा का घोटाला! TNC अप्रूवल में गड़बड़ी पर जांच कमेटी गठित

रायपुर। राजधानी रायपुर नगर निगम में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNC) और मार्ग संरचना अप्रूवल से जुड़ा 100 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
गंभीर आरोपों के बीच नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। इस संबंध में निगम कार्यालय से आधिकारिक आदेश भी जारी किया गया है।
जांच समिति में पंकज शर्मा (अपर आयुक्त, नगर निवेश) को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि आभाष मिश्रा सदस्य, आशुतोष सिंह सचिव और सोहन गुप्ता सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं। समिति को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
मामले में आरोप है कि TNC अप्रूवल और मार्ग संरचना की प्रक्रिया में नियमों को दरकिनार कर फाइलें पास की गईं। इसके बाद मूल दस्तावेजों के गायब होने की बात सामने आई।
बताया जा रहा है कि 70 से अधिक खसरा नंबरों से जुड़ी फाइलें संदिग्ध तरीके से गायब हैं। इस दौरान अधिकारियों और बिल्डरों की मिलीभगत के भी आरोप लगे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इसे 100 करोड़ से ज्यादा का घोटाला बताते हुए कहा कि दलालों, बिल्डरों और कुछ अधिकारियों की सांठगांठ से अवैध कॉलोनियों को वैध करने का खेल खेला गया है।
उनका आरोप है कि नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया और मामले की भनक लगते ही मूल फाइलें गायब कर दी गईं।
इन इलाकों से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला वार्ड क्रमांक 54 के अंतर्गत बोरियाखुर्द, ओम नगर, साईं नगर और बिलाल नगर क्षेत्र से जुड़ा है। यहां 70 से अधिक खसरा नंबरों के भूखंडों पर गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।





