ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर समेत कई इलाकों में 2 दिन तक हीटवेव का अलर्ट, राजनांदगांव में पारा 44°C

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार अपने तीखे तेवर दिखा रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव चलने की संभावना जताई है। इस दौरान लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे ऊंचे तापमानों में शामिल है। वहीं, न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े सिस्टम के सक्रिय नहीं होने से मौसम सूखा बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, उत्तर बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो झारखंड और ओडिशा तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर तटीय ओडिशा के पास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और महाराष्ट्र-तेलंगाना क्षेत्र में प्रति चक्रवात का प्रभाव बना हुआ है। इन सभी मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बना हुआ है।

राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां भी आज दिनभर तेज गर्मी का असर रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दोपहर के समय लू चलने के आसार हैं, जिससे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। वहीं, बस्तर संभाग के कुछ दक्षिणी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की गतिविधियां हो सकती हैं। कुल मिलाकर प्रदेश में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।

Related Articles

Back to top button