StateNewsदेश - विदेश

संजय राउत बोले- जेल में ही शुरू हुआ था कैंसर,बोले- सरकार कुछ भी कर सकती है

मुंबई। शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शनिवार को दावा किया कि जेल में रहने के दौरान ही उनके शरीर में कैंसर की बीमारी शुरू हुई थी। राउत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन्हें टॉक्सिसिटी टेस्ट कराने की सलाह दी थी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं जेल में उनके खाने में किसी तरह का जहर तो नहीं मिलाया गया।

राउत ने मौजूदा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार इतनी क्रूर है कि वह कुछ भी कर सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जेल में बंद रहे दूसरे राजनीतिक नेताओं की सेहत पर भी बुरा असर पड़ा है। हालांकि, राउत के जहर दिए जाने के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

101 दिन आर्थर रोड जेल में रहे थे राउत

संजय राउत को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 1 अगस्त 2022 को पत्रा चॉल पुनर्विकास परियोजना से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। वह मुंबई की आर्थर रोड जेल में 101 दिन रहे। 9 नवंबर 2022 को PMLA कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उन्हें जेल से रिहा किया गया था। राउत ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया था।

2025 में कैंसर का पता चला

राउत के मुताबिक, नवंबर 2025 में दिवाली से कुछ दिन पहले उन्हें पेट के कैंसर के बारे में पता चला। उनके भाई सुनील राउत ने जांच के लिए ब्लड टेस्ट कराया था, जिसके बाद बीमारी की पुष्टि हुई। फिलहाल उनका इलाज जारी है। जेल से बाहर आने के बाद राउत ने वहां के अनुभवों पर मराठी किताब ‘नरकातला स्वर्ग’ लिखी थी।

उद्धव ठाकरे के करीबी माने जाते हैं

संजय राउत शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के करीबी नेताओं में शामिल हैं। वे महाराष्ट्र की राजनीति में महाविकास अघाड़ी (MVA) का प्रमुख चेहरा हैं। राजनीति में आने से पहले पत्रकार रहे राउत शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक भी हैं।

Related Articles

Back to top button