StateNewsदेश - विदेश

केतन अग्रवाल मर्डर केस में एक और आरोपी रितेश हांगे गिरफ्तार,12 सितंबर तक रिमांड में

पुणे। पुणे ग्रामीण पुलिस ने केतन अग्रवाल मर्डर केस में शुक्रवार रात एक और आरोपी रितेश हांगे को गिरफ्तार किया। शनिवार को उसे वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने 12 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पुलिस के मुताबिक रितेश मुख्य आरोपी चेतन चौधरी का दोस्त है और हत्या की साजिश को लेकर उससे बातचीत हुई थी।

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि जांच के दौरान रितेश की भूमिका संदिग्ध सामने आई। पुलिस को आशंका है कि केतन की हत्या की योजना के बारे में रितेश को जानकारी थी और उससे इस संबंध में चर्चा भी की गई थी। इसी आधार पर उसे सह-आरोपी बनाया गया है।

18 जून को लोहगढ़ किले पर हुई थी केतन की मौत

केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया के साथ 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गया था। इसी दौरान खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस का आरोप है कि सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को खाई में धक्का देकर हत्या की साजिश रची थी।

जांच के मुताबिक, हत्या से एक दिन पहले 17 जून को सिया और चेतन एक कैफे में मिले थे। पुलिस सूत्रों का दावा है कि यहीं केतन को लोहगढ़ किले से धक्का देने की योजना बनाई गई। दोनों ने कथित तौर पर वह जगह भी देखी थी, जहां से केतन को गिराना था।

पहले भी दो बार हत्या की कोशिश का दावा

पुलिस के मुताबिक 31 मई को लोहगढ़ किले की यात्रा के दौरान सिया को केतन की हत्या का विचार आया था। 14 जून को भी उसे धक्का देने की कोशिश की गई थी। उस समय सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाया था, लेकिन केतन बच गया था।

पुलिस का कहना है कि सिया और चेतन अब एक-दूसरे को हत्या का मास्टरमाइंड बता रहे हैं। दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ भी की जा चुकी है। जांच एजेंसियां CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही हैं।

Related Articles

Back to top button