अस्पताल के बाहर पैपराजी पर भड़के सलमान खान: बोले- 60 का हो गया हूं, लड़ना नहीं भूला

मुंबई। सलमान खान मंगलवार को मुंबई के हिंदुजा हॉस्पिटल में एक करीबी से मिलने पहुंचे थे। अस्पताल के बाहर मौजूद पैपराजी को देखकर सलमान खान अचानक नाराज हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता गुस्से में फोटोग्राफर्स को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में सलमान खान पैपराजी से कहते दिखे कि किसी की निजी परेशानी और दुख को कैमरे में कैद कर उससे कमाई करना गलत है। उनकी नाराजगी के बाद मौके पर मौजूद कुछ फोटोग्राफर्स ने उनसे माफी भी मांगी। इस दौरान सलमान ने गुस्से में कुछ अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया।
अस्पताल से लौटने के बाद सलमान खान ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लगातार चार पोस्ट किए। उन्होंने लिखा कि उन्होंने हमेशा प्रेस और फोटोग्राफर्स का सम्मान किया है ताकि वे भी अपनी रोजी-रोटी कमा सकें, लेकिन अगर कोई उनके दुख और निजी हालात का फायदा उठाकर पैसा कमाना चाहता है तो यह गलत है।
एक पोस्ट में सलमान ने लिखा, “पिक्चर इंपोर्टेंट है या लाइफ।” वहीं दूसरे पोस्ट में उन्होंने कहा कि अगर किसी पत्रकार के परिवार का सदस्य अस्पताल में हो, तो क्या वह भी ऐसा व्यवहार पसंद करेगा।
अपने आखिरी पोस्ट में सलमान खान ने सख्त लहजे में लिखा, “साठ साल का हो गया हूं लेकिन लड़ना नहीं भूला, ये याद रख लेना, जेल में डालोगे हाहा हाहा।”
सलमान खान का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग अभिनेता की प्राइवेसी का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ ने उनके व्यवहार को गलत बताया है। फिलहाल यह मामला इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।



