सलमान खान नए लुक में पहुंचे आमिर खान की पार्टी में: गले लगकर आमिर ने छुए एब्स, दोनों की तस्वीर हुई वायरल

मुंबई। बॉलीवुड के दो सुपरस्टार सलमान खान और आमिर खान एक बार फिर साथ नजर आए। आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने और आमिर खान प्रोडक्शंस की 25वीं सालगिरह के मौके पर मुंबई में एक खास सेलिब्रेशन इवेंट आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सलमान खान, करीना कपूर, रेखा, जूही चावला समेत बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं।

इवेंट में सलमान खान अपने नए लुक को लेकर चर्चा में रहे। सलमान छोटे यानी अल्ट्रा-शॉर्ट हेयरस्टाइल में नजर आए। सोशल मीडिया पर उनके इस नए लुक की तुलना उनकी सुपरहिट फिल्म ‘तेरे नाम’ के स्टाइल से की जा रही है। फैंस ने सलमान के नए अंदाज को काफी पसंद किया।

कार्यक्रम के दौरान सलमान खान और आमिर खान ने साथ में तस्वीरें क्लिक कराईं। इस दौरान दोनों कलाकारों के बीच खास बॉन्डिंग देखने को मिली। एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों गले मिलते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान आमिर खान ने मजाकिया अंदाज में सलमान के एब्स को छुआ। दोनों की यह दोस्ताना केमिस्ट्री फैंस को काफी पसंद आ रही है।

फोटो सेशन के दौरान पैपराजी लगातार दोनों सितारों को कैमरे की ओर देखने के लिए कह रहे थे। इस पर सलमान खान ने मजेदार प्रतिक्रिया दी, जिसे देखकर आमिर खान भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

इस खास मौके पर फिल्म ‘लगान’ की पूरी टीम भी मौजूद रही। अभिनेत्री ग्रेसी सिंह, काजोल, जूही चावला, रेखा, किरण राव, आमिर खान की बेटी इरा खान और अन्य कलाकारों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘लगान’ भारतीय सिनेमा की यादगार फिल्मों में शामिल है। आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आमिर खान ने मुख्य भूमिका निभाई थी और इसे प्रोड्यूस भी किया था। फिल्म की कहानी ब्रिटिश शासन के दौर में चंपानेर गांव के किसानों और क्रिकेट मुकाबले के इर्द-गिर्द घूमती है।

‘लगान’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी सराहना मिली थी। फिल्म को ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी में नामांकन मिला था। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया था, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे थे। 25 साल बाद भी यह फिल्म दर्शकों के बीच उतनी ही लोकप्रिय बनी हुई है।

Exit mobile version