रायपुर। भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के एशिया कप विजेता खिलाड़ी और छत्तीसगढ़ के युवा हॉकी प्रतिभा अवि मानिकपुरी ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय रायपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अवि मानिकपुरी को अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में योगदान देने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवि मानिकपुरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं में अपार संभावनाएं हैं। सही अवसर, प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलने पर यहां के खिलाड़ी विश्व मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अवि को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहें और भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दें।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि युवा अपनी प्रतिभा को बेहतर तरीके से निखार सकें।
गौरतलब है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। उन्होंने जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, जिसमें अवि की भूमिका अहम रही।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
