देहरादून।देहरादून के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद रविवार को जमकर बवाल हुआ। हत्या से नाराज लोगों ने आरोपियों के घरों में आग लगा दी, ट्रैक्टर फूंक दिए और पुलिस व मीडिया कर्मियों पर पथराव किया। हालात बिगड़ने के बाद गांव में आईटीबीपी, पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने मुख्य आरोपी के मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है।
विनोद कुमार की हत्या के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने देहरादून-हरबर्टपुर हाईवे को करीब साढ़े पांच घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मुख्य आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रशासन के आश्वासन के बाद हाईवे को खोल दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में सिंचाई के पानी और पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान विनोद कुमार पर हमला किया गया, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में परिवार के तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
विनोद कुमार भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी और आरटीआई कार्यकर्ता थे। परिजनों का आरोप है कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल रही थीं। वहीं, पुलिस ने मामले में 12 नामजद और 30 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
हत्या की खबर फैलने के बाद गांव में तनाव बढ़ गया। भीड़ ने आरोपियों के घरों में आग लगा दी और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
