रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को बड़ी विकास सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने 295 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 341 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने से जिले में सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय अधोसंरचना और ग्रामीण विकास से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विधिविधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। लगभग 295 करोड़ रुपए के विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों का जीवन आसान बनेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित और समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
सरकार की प्राथमिकता है कि सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल भवन और सड़क निर्माण तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम होते हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि 70.10 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 224.90 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 182 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इनमें जल संसाधन, वन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में विकास की गति तेज होगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
