रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच और कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। रायपुर की विशेष PMLA अदालत से अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने की जानकारी सामने आई है। दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने के लिए भी ईडी की ओर से आवेदन दिए जाने की खबर है। वहीं, विशाल आहुजा के भाई धीरज आहुजा ने इसी अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है।
रैपिड ट्रैवल्स के जरिए टिकट बुकिंग का आरोप
इस कार्रवाई के बाद भोपाल की रैपिड ट्रैवल्स कंपनी की भूमिका फिर चर्चा में है। ईडी ने सितंबर 2023 में जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया था कि कंपनी से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली गई थी। एजेंसी के मुताबिक, कंपनी महादेव ऐप के प्रमोटरों, उनके परिवार के सदस्यों और कारोबारी सहयोगियों के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई टिकट बुक करती थी।
ईडी का आरोप था कि सट्टेबाजी से हासिल अवैध रकम टिकट बुकिंग से जुड़ी कंपनियों के खातों में जमा कराई जाती थी। बाद में इसी रकम से हवाई टिकट खरीदे जाते थे। एजेंसी ने आहुजा बंधुओं की भूमिका और इन लेनदेन के स्रोत की जांच की थी।
सौरभ चंद्राकर की शादी में 200 करोड़ खर्च का दावा
महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में UAE के रास अल खैमाह में हुई शादी भी जांच के दायरे में रही है। ईडी ने दावा किया था कि समारोह में करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए। मेहमानों को लाने के लिए निजी विमानों की व्यवस्था और कलाकारों की प्रस्तुतियों पर भी बड़ी रकम खर्च होने की बात सामने आई थी। एजेंसी के अनुसार, इस आयोजन की यात्रा व्यवस्था में रैपिड ट्रैवल्स की भूमिका थी।
धीरज की अग्रिम जमानत पर नजर
धीरज आहुजा की अग्रिम जमानत याचिका पर अब अदालत के फैसले का इंतजार है। वहीं, अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ जारी वारंट तथा उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने संबंधी आवेदन पर भी न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। दोनों प्रक्रियाएं अलग-अलग हैं। महादेव ऐप मामले में शुभम सोनी के खिलाफ भी पहले गैर-जमानती वारंट जारी हो चुका है।
