रायपुर से 1967 में चोरी हुई 1400 साल पुरानी मूर्ति अमेरिका से लौटी: छत्तीसगढ़ आने में अटका पेंच, ASI ने मांगी FIR; विभाग में 59 साल पुराना रिकॉर्ड गायब

रायपुर। छत्तीसगढ़ की 1400 साल पुरानी अवलोकितेश्वर की कांस्य प्रतिमा अमेरिका से भारत लौट आई है, लेकिन अब इसे रायपुर लाने में दस्तावेजों का पेंच फंस गया है। यह मूर्ति 15 अप्रैल 1967 को रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय से चोरी हुई थी।

अमेरिका के मैनहट्टन में बरामद इस प्रतिमा की कीमत करीब 20 करोड़ रुपए आंकी गई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने इसकी वापसी के लिए चोरी की FIR की कॉपी मांगी है, लेकिन छत्तीसगढ़ के संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग में 59 साल पुराना यह रिकॉर्ड नहीं मिल रहा।

संग्रहालय के रजिस्टर में दर्ज है मूर्ति का विवरण

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, संग्रहालय के एक्सेशन रजिस्टर में मूर्ति का नाम, चोरी की तारीख और अन्य विवरण दर्ज हैं, लेकिन उसकी फोटो उपलब्ध नहीं है।

ऐसे में राज्य सरकार के दावे को दस्तावेजों से प्रमाणित करने में परेशानी आ रही है। हालांकि, संग्रहालय के पूर्व क्यूरेटर बालचंद जैन की 1960 में प्रकाशित किताब में इस मूर्ति की तस्वीर और जानकारी मिल गई है।

सिरपुर की खुदाई में मिली थीं 67 प्रतिमाएं

यह प्रतिमा महासमुंद जिले के सिरपुर में लक्ष्मण मंदिर के पास 1939 में मिले कांस्य प्रतिमाओं के खजाने का हिस्सा थी। खुदाई में बुद्ध, बोधिसत्व, अवलोकितेश्वर, पद्मपाणि और तारा सहित 67 प्रतिमाएं मिली थीं। इनमें से चार प्रतिमाएं संग्रहालय से चोरी हुई थीं।

मैनहट्टन जिला अटॉर्नी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिमा पर शिल्पकार द्रोणादित्य और स्थान सिपुर (सिरपुर) का उल्लेख है। वर्ष 2025 में इसे अंतरराष्ट्रीय मूर्ति तस्कर सुभाष कपूर के न्यूयॉर्क स्थित वेयरहाउस से जब्त किया गया था।

तीसरी बार ASI को भेजेंगे दस्तावेज

संस्कृति एवं पुरातत्व संचालनालय के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे के मुताबिक, विभाग मैनहट्टन अटॉर्नी की रिपोर्ट सहित दस्तावेज जोड़कर तीसरी बार ASI को पत्र भेजेगा। उनका कहना है कि ये दस्तावेज मूर्ति पर छत्तीसगढ़ का दावा साबित करने के लिए पर्याप्त हैं। फिलहाल 59 साल पुरानी FIR की तलाश जारी है।

↑
Exit mobile version