दिल्ली। IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में बड़ा निवेश होने जा रहा है। बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला के पति और फ्रेंचाइजी के सह-मालिक जय मेहता अपनी 45% हिस्सेदारी का आधा हिस्सा अमेरिकी निवेश प्रबंधन कंपनी एरेस मैनेजमेंट को बेचेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 22.5% हिस्सेदारी की यह डील करीब 400 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3,700 करोड़ रुपए में होगी। इस सौदे के आधार पर KKR का कुल मूल्यांकन 1.78 बिलियन डॉलर (करीब 16,634 करोड़ रुपए) आंका गया है।
BCCI की मंजूरी के बाद पूरी होगी डील
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, यह सौदा पूरी तरह नकद होगा। हालांकि, हिस्सेदारी हस्तांतरण के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की औपचारिक मंजूरी जरूरी है। बोर्ड संभावित निवेशक की जांच-पड़ताल करेगा। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि सौदे की रकम का 5% हिस्सा BCCI को मिल सकता है, जो करीब 20 मिलियन डॉलर यानी लगभग 200 करोड़ रुपए होगा।
फिलहाल KKR में जय मेहता की 45% और अभिनेता शाहरुख खान की 55% हिस्सेदारी है। एरेस मैनेजमेंट पहले भी खेल जगत में निवेश कर चुकी है। इसके निवेश में इंग्लिश फुटबॉल क्लब चेल्सी FC और NFL टीम मियामी डॉल्फिन्स शामिल हैं।
IPL 2027 से पहले KKR ने 17 खिलाड़ी रिटेन किए
दूसरी ओर, IPL 2027 ऑक्शन से पहले KKR ने 17 खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा है। इनमें रिंकू सिंह, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, कैमरून ग्रीन, फिन एलन, हर्षित राणा, अंगकृष रघुवंशी और टिम सीफर्ट शामिल हैं।
टीम ने मथीशा पथिराना, मुस्तफिजुर रहमान, आकाश दीप, उमरान मलिक, रचिन रवींद्र, ब्लेसिंग मुजारबानी और राहुल त्रिपाठी को रिलीज किया है। पथिराना को पिछले ऑक्शन में 18 करोड़ रुपए में खरीदा गया था, लेकिन चोट के कारण वे 2026 सीजन में सिर्फ एक मैच खेल सके। अजिंक्य रहाणे को भी संन्यास की घोषणा के बाद टीम से रिलीज किया गया है।
