16 नगर पालिकाओं के बदले सीएमओ, दो निलंबित अधिकारियों की हुई वापसी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में पदस्थ 18 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में 16 नगर निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) बदले गए हैं, जबकि दो निलंबित अधिकारियों को भी मूल पद पर वापस लाते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार रायपुर नगर निगम के जोन आयुक्त अरुण कुमार ध्रुव को मुख्य नगर पालिका अधिकारी बनाकर दंतेवाड़ा भेजा गया है। इसके अलावा रोहित कुमार साहू को धमधा, राजेश गुप्ता को गौरेला, सचिन गुप्ता को कोंडागांव और शीतल चंद्रवंशी को चांपा नगर पालिका का सीएमओ नियुक्त किया गया है।
वहीं नेतराम रत्नेश को दीपका, नारायण साहू को कवर्धा, रामसंजीवन सोनवानी को आरंग, वीकेएस पलदास को भोपालपटनम, प्रदीप सिंह ठाकुर को दाढ़ी, देवेश चंदेल को केशकाल, श्रीनिवास द्विवेदी को इंदौरी, आशा जंघेल को उतई, प्रभाकर शुक्ला को धरमजयगढ़, भारतलाल साहू को बड़ीकरेली और लक्ष्मण सिंह देहारी को बेरला का सीएमओ बनाया गया है।
विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश जारी होने के सात दिनों के भीतर अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने और नगरीय निकायों में जनहित से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा कराने के उद्देश्य से इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके अलावा राजस्व निरीक्षक राधाचरण तिवारी और सहायक वर्ग-दो नामेश्वर कुमर कावड़े की मूल पद पर वापसी की गई है। दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नगरीय प्रशासन विभाग का यह निर्णय आगामी विकास कार्यों, नगरीय सेवाओं के बेहतर संचालन और निकायों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के बदलाव से नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के कामकाज में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
