StateNewsChhattisgarh

छत्तीसगढ़ के विकास का रोडमैप पेश: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर CM साय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कहा- विकसित भारत के लिए विकसित छत्तीसगढ़ जरूरी

रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने का दिन है।

मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर और वीर सावरकर सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के जननायकों भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और अन्य क्रांतिकारियों के योगदान का भी स्मरण किया।

बस्तर में शांति और विकास की नई शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता मिली है। जो बस्तर कभी हिंसा और भय के लिए जाना जाता था, वहां आज तिरंगा यात्राएं निकल रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 39 लाख से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बस्तर में 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है, जबकि 4,824 करोड़ रुपए की आजीविका उन्नयन योजना तैयार की गई है। बंद पड़े स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है और 36 नए स्कूलों को मंजूरी दी गई है।

किसानों के लिए कई बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। सरकार फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही है। धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी दी गई है। सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।

महिलाओं, युवाओं और गरीबों पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं। प्रदेश में 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 24.50 लाख आवास स्वीकृत किए हैं और प्रतिदिन औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं। वहीं, 73 लाख परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

युवाओं के लिए सरकार ने कई नई योजनाओं की घोषणा की है। पुलिस विभाग में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है, जबकि शिक्षक और बिजली कंपनियों में हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एग्जाम योजना’ शुरू की जाएगी।

AI मिशन, उद्योग और रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपए के ‘छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन’ को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य को अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 1.74 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। नवा रायपुर, राजनांदगांव और जांजगीर-चांपा में नए औद्योगिक केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में प्रदेशवासियों से विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ ही नए भारत और नए छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।

Related Articles

Back to top button