सड़क हादसा: CM के कार्यक्रम से लौट रही बस पलटी, 10 की मौत

दिल्ली। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रही एक बस और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के ड्राइवरों समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
दिल दहला देने वाला मंजर
हादसा शाम करीब 6:30 बजे सिमरिया के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया। मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। बस में कुल 47 लोग सवार थे, जो छिंदवाड़ा पुलिस लाइन में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
रेस्क्यू और चिकित्सा सहायता
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाने के लिए पुलिस ने ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाया, जिससे 6 एम्बुलेंसों के जरिए घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल के डीन अभय सिन्हा ने बताया कि एक घायल की स्थिति अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज छिंदवाड़ा में जारी है।
सरकार की घोषणा और राजनीतिक प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, विपक्ष ने इसे ‘व्यवस्थागत लापरवाही’ करार दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मृतकों के परिजनों के लिए 1-1 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।





