ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कोरबा में RI-पटवारी को 2 घंटे रोका, सीमांकन विवाद में हंगामा; रिश्वत लेने का आरोप

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। करतला थाना क्षेत्र के नोनबिर्रा गांव में सीमांकन करने पहुंचे राजस्व निरीक्षक (RI) और हल्का पटवारी को ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक रोककर रखा।

इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच जमकर बहस और धक्का-मुक्की भी हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक 8 मई को पटवारी भरत चौहान और RI जयपाल सिंह नायब तहसीलदार के आदेश पर बनियापारा इलाके में जमीन सीमांकन के लिए पहुंचे थे।

यहां संतराम नामक व्यक्ति की जमीन की नाप-जोख की जा रही थी। सीमांकन के बाद परिवार के लोगों ने माप को गलत बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।

आरोप है कि संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद ने अधिकारियों की कार के सामने बाइक खड़ी कर रास्ता रोक दिया। विवाद के दौरान एक युवक रस्सी लेकर पहुंचा और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।

ग्रामीणों का आरोप था कि अधिकारी रिश्वत लेकर गलत सीमांकन कर रहे हैं और विपक्षी पक्ष को फायदा पहुंचा रहे हैं।

पटवारी की शिकायत पर पुलिस ने चारों ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, धमकी और विवाद करने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि अधिकारियों को करीब दो घंटे तक मौके पर रोके रखा गया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है और प्रशासन उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है।

परिवार ने कलेक्टर को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि सीमांकन जानबूझकर गलत तरीके से किया गया, जिसके कारण विवाद की स्थिति बनी।

Related Articles

Back to top button