रायपुर में आज RCB-KKR की भिड़ंत, शाहरुख के आने की चर्चा; बारिश का अलर्ट

रायपुर। आरसीबी और केकेआर के बीच आज शाम 7:30 बजे रायपुर के शहीर वीरनारायण सिंह स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है। चर्चा है कि KKR के सह-मालिक शाहरूख खान भी टीम को सपोर्ट करने रायपुर पहुंच सकते हैं।
हालांकि मैच पर मौसम का साया भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने शाम के समय आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। तेज हवा चलने का भी अनुमान है, जिससे मैच प्रभावित हो सकता है।
मैच को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है। दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग से होकर स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है।
वाहनों की पार्किंग स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा और कोसा पार्किंग में होगी। पार्किंग फुल होने पर श्री सत्य साईं हॉस्पिटल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।
मुकाबले से पहले दोनों टीमों ने नेट सेशन में जमकर अभ्यास किया। बल्लेबाजों ने बड़े शॉट और डेथ ओवर की बल्लेबाजी पर फोकस किया, जबकि गेंदबाजों ने यॉर्कर और स्लोअर गेंदों की प्रैक्टिस की।
वहीं, 10 मई को हुए पिछले मैच के दौरान अव्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे थे। दर्शकों ने पानी की बोतल 150 रुपए और पिज्जा 300 रुपए में बेचने का आरोप लगाया था।
मोबाइल नेटवर्क फेल होने से ई-टिकट स्कैनिंग में भी परेशानी आई थी। सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए थे, क्योंकि कुछ लोग बैरिकेडिंग पार कर स्टेडियम के भीतर पहुंच गए थे। आज के मुकाबले में प्रशासन और आयोजकों के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखना बड़ी चुनौती होगी।





