मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से सुलझी राशन कार्ड की समस्या, परिवार को फिर मिलने लगा राशन

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 लोगों के लिए एक भरोसेमंद मंच बनकर उभरी है, जहां प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भवतरा निवासी देवेंद्र दिनकर की राशन कार्ड संबंधी समस्या का त्वरित समाधान किया गया। राशन कार्ड में तकनीकी त्रुटि होने के कारण उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत मिलने वाले खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इससे उनके परिवार को नियमित राशन प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या से परेशान होकर देवेंद्र दिनकर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान राशन कार्ड में दर्ज त्रुटि का नियमानुसार सुधार किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद राशन कार्ड दोबारा सक्रिय कर दिया गया, जिससे उन्हें फिर से नियमित रूप से राशन मिलने लगा।
श्री देवेंद्र दिनकर ने बताया कि राशन कार्ड में सुधार होने के बाद अब उनके परिवार को बिना किसी बाधा के खाद्यान्न मिल रहा है। साथ ही वे पात्रता के अनुसार अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने समस्या के त्वरित समाधान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों की शिकायतों के पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध निराकरण का विश्वसनीय माध्यम बन चुकी है। यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच भरोसे को मजबूत करने के साथ-साथ सुशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।





