
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की एक भाजपा नेत्री ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक भाजपा नेत्री की मुलाकात करीब दो साल पहले दिल्ली में संजय सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए माइनिंग कारोबार में निवेश करने पर भारी मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और कारोबारी ने महिला से नजदीकियां बना लीं।
पीड़िता का आरोप है कि सितंबर 2025 में आरोपी ने दिल्ली में उनके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल करने लगा और पैसों की मांग करता रहा। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाकर उनसे अलग-अलग किश्तों में करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए निवेश के नाम पर लिए। रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर कराई गई।
महिला का कहना है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उल्टा धमकाना और अवैध वसूली करना शुरू कर दिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम झारखंड भी पहुंची थी, लेकिन फिलहाल वह गिरफ्त से बाहर है।
सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





