ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त संगम है शिव पुराण: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि शिव पुराण सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और मानवीय मूल्यों का सशक्त संगम है। ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज में नैतिकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं। वे आज रायगढ़ जिले के बरगढ़ खोला अंचल के ग्राम खम्हार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा को संबोधित कर रहे थे।

यह शिव महापुराण कथा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री स्वर्गीय हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास श्री कृष्णा दुबे महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी लिया।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय व्यतीत किया। माता शबरी के जूठे बेरों की कथा आज भी श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल से बना प्रसाद अर्पित किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार की रामलला दर्शन योजना के तहत बीते दो वर्षों में 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से 19 चिन्हित तीर्थ स्थलों की यात्रा कराते हुए अब तक 5 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आस्था, संस्कृति और सेवा को एक साथ आगे बढ़ाना है।

कार्यक्रम को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया। शिव महापुराण कथा का संगीतमय वाचन महाराष्ट्र के अकोला से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास श्री कृष्णा दुबे महाराज द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती और शिव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है।

इस अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा गबेल, रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button