मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: 8 मई को छत्तीसगढ़ में गूंजेंगी शहनाइयां, 2300 से अधिक जोड़े बंधेंगे विवाह सूत्र में

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग की मिसाल बन चुकी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 8 मई को प्रदेशभर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। राज्य के सभी जिलों में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासनिक अमला अंतिम व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है।
इस राज्यव्यापी आयोजन में 2300 से अधिक जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे। खास बात यह है कि इसमें विभिन्न धर्मों और समुदायों के युवक-युवतियां अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह करेंगे। हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध समेत विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़ों की सहभागिता छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता की झलक पेश करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह केवल विवाह कार्यक्रम नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और सामाजिक समरसता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटियों का विवाह कभी बड़ी चिंता हुआ करता था, लेकिन मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने इस चिंता को सम्मान और विश्वास में बदलने का काम किया है।
उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी 2026 को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 6,412 जोड़े विवाह बंधन में बंधे थे। इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया था।
योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। साथ ही विवाह से जुड़ी आवश्यक सामग्री और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में सभी जिलों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों को सम्मानजनक माहौल मिल सके।





