ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार 2026: त्रिवेणी रात्रे का पक्का घर का सपना हुआ पूरा, मिली प्रधानमंत्री आवास की चाबी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर आयोजित “सुशासन तिहार 2026” प्रदेशभर में आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा जनपद अंतर्गत ग्राम तिलई में आयोजित शिविर एक परिवार के लिए खुशियों की सौगात बन गया।

ग्राम मुरलीडीह निवासी श्रीमती त्रिवेणी रात्रे को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के मकान की चाबी सौंपी गई। वर्षों से सुरक्षित और पक्के घर का सपना देख रही त्रिवेणी के चेहरे पर चाबी मिलते ही खुशी साफ नजर आई। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन जी सकेगा।

त्रिवेणी रात्रे ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दिनों में घर टपकता था और गर्मी के मौसम में काफी परेशानी होती थी। कई बार मौसम खराब होने पर परिवार को रातभर जागकर समय बिताना पड़ता था। ऐसे हालात में पक्का मकान मिलना उनके लिए किसी बड़े सपने के पूरे होने जैसा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए मिले घर ने उनके परिवार को नई उम्मीद दी है। अब बच्चों को भी सुरक्षित माहौल मिला है और पूरे परिवार में आत्मविश्वास बढ़ा है।

त्रिवेणी रात्रे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि सुशासन तिहार आम लोगों के लिए राहत और खुशियों का माध्यम बनकर सामने आया है। शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों का सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Related Articles

Back to top button