ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजनांदगांव को मिलेगी अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में जल्द ही अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी और आधुनिक खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस महत्वपूर्ण फैसले के बाद जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। बुधवार को विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राजनांदगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका आभार जताया।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रिपरिषद द्वारा सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा की भूमि में से 5 एकड़ जमीन रियायती दर पर आवंटित किए जाने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण मिल सकेगा और क्रिकेट के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि राजनांदगांव में लंबे समय से आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम और अकादमी की मांग की जा रही थी। अब सरकार के इस फैसले से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण यहां कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें बेहतर मंच और प्रशिक्षण मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

इस दौरान विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक ललित चंद्राकर, छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव योगेश बागड़ी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button