राजिम की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी: नगर पंचायत से बनी नगर पालिका, सरकार ने जारी की अधिसूचना

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दे दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी।
नई अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान नगर पंचायत की सीमाएं ही नगर पालिका की सीमाएं रहेंगी। सरकार के इस फैसले से राजिम क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पंचायत के नगर पालिका में उन्नयन से राजिम के सुनियोजित और तेज विकास का रास्ता खुलेगा।
नगर पालिका बनने से शहर को अधिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद राजिम में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन और अन्य शहरी अधोसंरचना के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
इसके साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंचाया जा सकेगा।
अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। बढ़ती आबादी और शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नगर निकायों को सशक्त बनाने के साथ उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से स्थानीय विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी।
राजिम धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण नगर माना जाता है। हर वर्ष यहां आयोजित होने वाले राजिम कुंभ कल्प और बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए भी नगर पालिका का दर्जा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस फैसले से शहर के नियोजित विकास के साथ पर्यटन सुविधाओं का भी विस्तार होगा और राजिम की पहचान एक विकसित नगर के रूप में और मजबूत होगी।





