StateNewsदेश - विदेश

मानसून सत्र आज से शुरू: PM मोदी बोले- तर्क और तथ्यों के साथ हो चर्चा, विपक्ष NEET और राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर हमलावर

दिल्ली। संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन के हंस द्वार पर मीडिया को संबोधित करते हुए सभी दलों से सार्थक और तथ्यपूर्ण चर्चा की अपील की। उन्होंने कहा, “मानसून हो या मानसून सत्र, अगर दोनों प्रो-एक्टिव हों तो बहुत ही प्रोडक्टिव होते हैं। संसद में तर्क और तथ्यों के साथ चर्चा हो, हर आवाज का सम्मान किया जाए।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राजस्थान की नई रिफाइनरी, ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन और भारतीय स्टार्टअप की अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के युवाओं की क्षमता असीम है और यही देश का भविष्य तय करेगी।

वहीं, मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष ने सरकार को घेरने की रणनीति बनाई। लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने NEET-UG पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग उठाई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक भी हुई, जिसमें पूरे सत्र की रणनीति पर चर्चा की गई।

सरकार इस सत्र में कुल 7 विधेयक पेश करेगी। लोकसभा में सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट (संशोधन) विधेयक लाया जाएगा, जिसके जरिए सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है। वहीं राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संविधान और राष्ट्रगान के अपमान से संबंधित संशोधन विधेयक पेश करेंगे।

18वीं लोकसभा का यह नौवां संसदीय सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा। 25 दिनों के इस सत्र में लोकसभा और राज्यसभा की कुल 19 बैठकें प्रस्तावित हैं। सरकार जहां अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष महंगाई, शिक्षा, परीक्षा प्रणाली और अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति के साथ मैदान में उतरा है।

Related Articles

Back to top button