अगले चार दिन दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

रायपुर। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान पेंड्रा रोड में 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों तक दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं 1 अक्टूबर को उत्तर बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के मध्य भाग में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका जताई गई है।

वर्षा के आंकड़ों की बात करें तो छुईखदान और गंडई में 3-3 सेमी, रघुनाथ नगर, साल्हेवारा, गुंडरदेही और सहसपुरलोहारा में 2-2 सेमी, जबकि बागबाहरा, बेरला, मैनपुर, रेंगाखार कला, साजा और गोबरा नवापारा में 1-1 सेमी वर्षा हुई।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा 20°N/69°E, वेरावल, भरूच, उज्जैन, झांसी, शाहजहांपुर और 30°N/81°E से होकर गुजर रही है। खंभात की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बने निम्न दबाव क्षेत्र से दक्षिण गुजरात, विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, दक्षिण ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है।

इसके साथ ही उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो दक्षिण की ओर झुका हुआ है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। दो दिन बाद अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, मेघगर्जन और वज्रपात भी हो सकता है। रायपुर में आज मौसम बादलों से ढका रहेगा। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के आसपास रहेगा।

Exit mobile version