देश के 14 राज्यों में बारिश-आंधी के आसार, पहाड़ों पर बर्फबारी: अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में मौसम रहेगा शुष्क

दिल्ली। देशभर में नवंबर के मध्य में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं ठंड और कोहरे का असर बढ़ रहा है तो कहीं बारिश, आंधी और बर्फबारी की स्थिति बन रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 15 नवंबर के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण कई राज्यों में मौसम बदल सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है। राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। उत्तराखंड में भी तेज हवाओं के साथ आंधी के आसार हैं।
दक्षिण भारत में बारिश का दौर
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। केरल के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने का अनुमान है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बंगाल की खाड़ी में सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो रहा है। इसके 16 नवंबर के आसपास डिप्रेशन और आगे चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। इसका असर दक्षिण और पूर्वी भारत के मौसम पर पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश के आसार नहीं
छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। रायपुर में 15 नवंबर को आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 31 डिग्री, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग और जगदलपुर में भी फिलहाल बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है। सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है। बिहार, झारखंड और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है।





