देश के कई राज्यों में बारिश-बाढ़ का अलर्ट, केदारनाथ यात्रा रुकी

दिल्ली। रायपुर। देश के कई राज्यों में मानसून का असर अब भी बना हुआ है। उत्तराखंड में केदारनाथ पैदल यात्रा तीसरे दिन भी बंद है। चीरबासा के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण प्रशासन ने पैदल मार्ग पर आवाजाही रोक रखी है।
सुरक्षा बलों ने करीब 7 हजार यात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड की ओर भेज दिया है। फिलहाल 500 से ज्यादा यात्री रास्ते में फंसे हुए हैं। केदारनाथ धाम के लिए मंगलवार से हेली सेवाएं शुरू कर दी गई हैं, लेकिन पैदल यात्रा अभी बहाल नहीं हुई है।
बिहार में 49.67 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 15 जिलों की 575 पंचायतों में 49.67 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य की पांच नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बारिश के साथ नदियों का जलस्तर बढ़ने से परेशानी बनी हुई है।
यूपी के 72 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 72 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। फर्रुखाबाद समेत कई इलाकों में बाढ़ का असर है। गंगा और रामगंगा का जलस्तर बढ़ने से कई गांव प्रभावित हैं।
राजस्थान में 17 सितंबर तक बारिश
राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 17 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को 20 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। उदयपुर संभाग में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगह भारी बारिश दर्ज की गई।
हिमाचल-पंजाब में भी बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि किसी जिले में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। पंजाब के 18 जिलों में मंगलवार को बारिश के आसार हैं। चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद 128 लोग शिफ्ट
सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी इलाके में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बाद 28 घरों के 128 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। रिंबी ग्राम पंचायत केंद्र में लोगों को शिफ्ट किया गया है, जबकि सिंगलिटाम में प्रभावित परिवारों के लिए राहत केंद्र बनाया गया है।





