प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास को मिली अभूतपूर्व गति: सीएम साय

51 हजार करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं से प्रदेश बन रहा नया रेल एवं लॉजिस्टिक्स हब, रेलवे बजट 24 गुना बढ़ा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास को अभूतपूर्व गति दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जो राज्य के इतिहास का सबसे बड़ा रेलवे निवेश है। इससे छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख रेल एवं लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले प्रदेश को रेल परियोजनाओं के लिए औसतन करीब 300 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट मिलता था, जबकि वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 7,470 करोड़ रुपये हो गया है।
यानी एक दशक में रेलवे बजट में लगभग 24 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व को दिया।
साय ने कहा कि मजबूत रेल नेटवर्क से उद्योगों की परिवहन लागत कम होगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को बेहतर बाजार मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि बस्तर, सरगुजा, जशपुर सहित दूरस्थ क्षेत्रों तक रेल पहुंचने से विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में खरसिया-नवा रायपुर-परमालकसा रेल कॉरिडोर, रावघाट रेल परियोजना, डोंगरगढ़-कवर्धा-कटघोरा, कोरबा-अंबिकापुर और रावघाट-जगदलपुर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
वहीं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 32 रेलवे स्टेशनों का करीब 1,680 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन, रायपुर में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव की अतिरिक्त होमिंग सुविधा और शत-प्रतिशत रेल विद्युतीकरण जैसी परियोजनाएं रेलवे संचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और आधुनिक बना रही हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि रेलवे क्षेत्र में हो रहा यह निवेश छत्तीसगढ़ को औद्योगिक विकास, व्यापार, रोजगार और आधुनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





