ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरकार की किसान हितैषी नीतियों से बढ़ा किसानों का भरोसा

तुंहर टोकन मोबाइल ऐप से मिल रही घर बैठे सुविधा : रामसाय यादव

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में धान खरीदी का महापर्व इस वर्ष भी सुगमता और पारदर्शिता के साथ जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी ने किसानों में नई उम्मीद और भरोसा जगाया है। प्रदेश के किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाकर संतुष्ट हैं तथा बड़ी संख्या में धान खरीदी केंद्रों में पहुँचकर विक्रय कर रहे हैं। सभी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।

जांजगीर-चांपा जिले के खरौद के किसान रामसाय यादव ने आज धान उपार्जन केंद्र खरौद में लगभग 15 क्विंटल धान का विक्रय किया। केंद्र पहुँचने पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक बेहतर और किसान-मित्र है।

रामसाय यादव ने बताया कि इस बार उन्होंने तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया, जिससे सोसायटी में लंबी प्रतीक्षा से छुटकारा मिला है। नमी परीक्षण, बारदाना उपलब्धता, धान भराई, तौल और पर्ची निर्गत— सभी प्रक्रियाएँ समयबद्ध तरीके से पूरी हुईं।

उन्होंने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी सीमा किसानों के लिए बहुत लाभकारी है। सरकार की किसान हितैषी नीतियों और डिजिटल सेवाओं से किसानों में भरोसा और उत्साह और अधिक मजबूत हुआ है।

Related Articles

Back to top button