राहुल गांधी का तमिलनाडु दौरा: चेन्नई पहुंचे, मामल्लापुरम में कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को करेंगे संबोधित; चुनावी तैयारियों पर होगी चर्चा

दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को तमिलनाडु दौरे पर चेन्नई पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह मामल्लापुरम के लिए रवाना हुए, जहां वह कांग्रेस के जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह को संबोधित करेंगे।
यह प्रशिक्षण शिविर 23 जुलाई से 1 अगस्त तक आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वह आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को मजबूत करने का रोडमैप भी साझा कर सकते हैं।
कांग्रेस की इस बैठक का मुख्य फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को ज्यादा प्रभावी तरीके से जनता से जोड़ना है। पार्टी का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और कांग्रेस की विचारधारा को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है।
तमिलनाडु कांग्रेस के प्रभारी महासचिव गुलाम अहमद मीर ने बताया कि ‘संगठन सृजन’ अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाना और हर बूथ पर मजबूत संगठन तैयार करना है।
मामल्लापुरम कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी राज्य के सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और पूर्व उम्मीदवारों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में राज्य की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
हालांकि, राहुल गांधी के इस दौरे के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात का कोई कार्यक्रम तय नहीं है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, राहुल गांधी का दौरा पूरी तरह पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद पर केंद्रित रहेगा।
तमिलनाडु में कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





