धमतरी में सीसी रोड निर्माण पर उठे सवाल: अधूरी सड़क में दिखा हनीकॉम्ब, गुणवत्ता को लेकर विवाद

धमतरी। धमतरी शहर में निर्माणाधीन सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
सड़क पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई है, लेकिन करीब 100 मीटर से अधिक हिस्से में कंक्रीट में हनीकॉम्ब (Honeycomb) जैसी स्थिति दिखाई देने लगी है। निर्माण कार्य में इस तरह की खामियां सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
हैरानी की बात यह है कि जिस सड़क का निर्माण किया जा रहा है, उसके एक ओर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का कार्यालय और दूसरी ओर विभागीय अधिकारी का सरकारी निवास है।
इसके बावजूद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने से निगरानी व्यवस्था पर भी चर्चा शुरू हो गई है। इस सड़क का निर्माण भी पीडब्ल्यूडी की एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है।
निर्माण विशेषज्ञों के अनुसार, कंक्रीट में हनीकॉम्ब की स्थिति तब बनती है जब निर्माण सामग्री का अनुपात सही नहीं होता, पर्याप्त कंपेक्शन नहीं किया जाता या फिर घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जाता है।
ऐसी स्थिति में सड़क की मजबूती प्रभावित होती है और उसकी उम्र भी कम हो जाती है। इससे भविष्य में सड़क के जल्द खराब होने और सरकारी धन की बर्बादी की आशंका बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही इस तरह की खामियां दिखाई देना गंभीर मामला है। उनका आरोप है कि ठेकेदार मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं और गुणवत्ता नियंत्रण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इस मामले में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) ने कहा कि यदि जांच में निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन पाया जाता है तो संबंधित हिस्से को तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा। साथ ही संबंधित ठेकेदार के भुगतान में कटौती सहित नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि विभाग जांच के बाद क्या कदम उठाता है और सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्या कार्रवाई करता है।





