StateNewsदेश - विदेश

भारत की सैन्य ताकत बरकरार, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान टॉप 10 से बाहर

दिल्ली। ग्लोबल फायरपावर मिलिट्री इंडेक्स 2026 में भारत की सैन्य ताकत चौथे स्थान पर बरकरार है, जबकि पाकिस्तान इस सूची से बाहर हो गया है। सैन्य शक्ति के हिसाब से दुनिया की टॉप 10 देशों की रैंकिंग में 145 देशों का मूल्यांकन 60 से अधिक संकेतकों के आधार पर किया गया, जिसमें प्रत्येक देश का पावर इंडेक्स (PwrIndx) स्कोर शामिल है।

इसमें अमेरिका पहले स्थान पर बना हुआ है, जबकि रूस ने यूक्रेन युद्ध के बावजूद दूसरा स्थान बनाए रखा है। चीन लगातार अपने सैन्य आधुनिकीकरण के कारण तीसरे स्थान पर है। भारत चौथे स्थान पर मजबूत स्थिति में है, और दक्षिण कोरिया पांचवें स्थान पर है। फ्रांस छठे और जापान सातवें स्थान पर पहुंच गया है। यूनाइटेड किंगडम आठवें स्थान पर फिसल गया है। इटली ने अपना दसवां स्थान बनाए रखा है।

शीर्ष 10 देशों की सूची इस प्रकार है: अमेरिका, रूस, चीन, भारत, दक्षिण कोरिया, फ्रांस, जापान, यूनाइटेड किंगडम, तुर्की और इटली।

पाकिस्तान की रैंकिंग में लगातार गिरावट देखी जा रही है। 2024 में पाकिस्तान नौवें स्थान पर था, 2025 में बारहवें और 2026 में चौदहवें स्थान पर पहुंच गया। वहीं जर्मनी ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए 19वें स्थान से 12वें स्थान पर उन्नति की है।

पाकिस्तान की गिरावट में ऑपरेशन सिंदूर का अहम योगदान माना जा रहा है। इस ऑपरेशन में भारत ने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, जबकि पाकिस्तान की ओर से भारतीय सैन्य और नागरिक ठिकानों पर जवाबी हमले की कोशिश की गई। इसके बाद भारत ने पलटवार करते हुए पाकिस्तान के 11 एयरबेस और 6 रडार सिस्टम को ध्वस्त किया। भारतीय सैन्य कार्रवाइयों के बाद पाकिस्तान ने सीजफायर की पहल की थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की सैन्य ताकत में निरंतर सुधार और रणनीतिक कार्रवाई इसे वैश्विक स्तर पर शीर्ष सैन्य शक्तियों में बनाए रखती है, जबकि पाकिस्तान की कमजोरियों के कारण उसकी रैंकिंग लगातार गिर रही है।

Related Articles

Back to top button