14 दिन की पैरोल पर निकला कैदी 21 साल तक रहा फरार, तेलंगाना से गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया एक कैदी 14 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर निकलने के बाद 21 वर्षों तक फरार रहा। दंतेवाड़ा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर उसे तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुनः केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार कटेकल्याण थाना क्षेत्र के डोंगरीपारा निवासी सोढ़ी मासा वर्ष 2001 के एक हत्या प्रकरण में दोषसिद्ध होने के बाद केंद्रीय जेल जगदलपुर में सजा काट रहा था। वर्ष 2005 में उसे 14 दिनों की पैरोल मिली थी, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी वह वापस जेल नहीं लौटा। इसके बाद से वह फरार घोषित था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
जांच में पता चला कि फरारी के दौरान आरोपी तेलंगाना के कोत्तागुडेम क्षेत्र के कासनपल्ली गांव में जाकर रहने लगा था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना नाम बदलकर लालाराम सोढ़ी रख लिया और नई पहचान के साथ जीवन बिता रहा था। करीब दो दशक तक वह कानून की नजरों से बचता रहा।
मामले में तब नया मोड़ आया जब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी का पुत्र हड़मा उर्फ सुरेश सोढ़ी अपने गांव आया हुआ है। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को आरोपी के तेलंगाना में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम तेलंगाना पहुंची और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर दंतेवाड़ा लाया गया। आरोपी को जगदलपुर स्थित प्रथम अपर सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान जारी है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।





