ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दण्डक ब्रांड के उत्पाद विदेशों में बेचने की तैयारी: एनपीओपी प्रमाणन पाने वाली प्रदेश की पहली महिला किसान उत्पादक कंपनी बनी

रायपुर। दंतेवाड़ा की माँ दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी अब अपने वनोपज और कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी करेगी।

कंपनी को राष्ट्रीय जैविक उत्पादन कार्यक्रम (एनपीओपी) के तहत वनोपज के लिए जैविक प्रमाणन मिला है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह प्रदेश की पहली महिला किसान उत्पादक कंपनी है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत-ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा सर्किट हाउस में कंपनी की महिला सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।

महिला सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री को अपने ‘दण्डक ब्रांड’ के चावल का पैकेट भेंट किया। इस दौरान उत्पादों की गुणवत्ता, बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बिक्री बढ़ाने पर चर्चा हुई। शर्मा ने महिलाओं को दण्डक ब्रांड के उत्पादों को छत्तीसगढ़ के ‘छत्तीसकला’ ब्रांड से जोड़कर बाजार का विस्तार करने और निर्यात की तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि बस्तर के प्राकृतिक वनोपज की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अच्छी संभावनाएं हैं। जैविक प्रमाणन मिलने से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने और बेहतर कीमत दिलाने के अवसर बढ़ेंगे। राज्य सरकार स्थानीय संसाधनों पर आधारित आजीविका को बढ़ावा दे रही है। ऐसे गांवों के कृषि उत्पादों और वनोपज को भी निर्धारित मानकों के अनुसार जैविक प्रमाणन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जहां परंपरागत रूप से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं हुआ है।

1080 महिला शेयरधारक कंपनी से जुड़ीं

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत वर्ष 2023 में गठित इस कंपनी से 1080 महिला शेयरधारक जुड़ी हैं। इसके अलावा 60 उत्पादक समूहों की 2100 वनोपज संग्राहक महिलाएं भी इससे लाभान्वित हो रही हैं। कंपनी ने पिछले दो वर्षों में एक करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार किया है।

दण्डक ब्रांड से मिल रही पहचान

कंपनी के दण्डक ब्रांड के तहत एचएमटी, लाल चूड़ी और बासमती चावल के अलावा नीम फूल, अमचूर, इमली, महुआ, कोदो, कुटकी और रागी जैसे उत्पादों की पैकेजिंग और बिक्री की जा रही है। दंतेवाड़ा में बिक्री केंद्र भी शुरू किया गया है। कंपनी की अध्यक्ष विमला ठाकुर ने कहा कि प्रमाणन मिलने से महिलाओं के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव सहित कंपनी की पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button